गोवा के खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) ने बिस्लेरी के एक बैच में स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के सामने आने के बाद बोतलबंद पीने के पानी की जांच बढ़ा दी है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिस्लेरी पर कार्रवाई की थी, जिसके बाद FDA ने यह कदम उठाया है। इसका मुख्य उद्देश्य गोवा में बिकने वाले सभी बोतलबंद पानी के ब्रांड को पीने के लिए सुरक्षित बनाना है।
बिस्लेरी बैच में असुरक्षित ब्रोमेट मिला
अक्टूबर 2025 में बिस्लेरी के एक बैच की जांच की गई थी। इसमें ब्रोमेट का स्तर असुरक्षित पाया गया, जो तय सीमा से कहीं ज्यादा था। इसी कारण FSSAI ने बिस्लेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
गोवा FDA की निदेशक श्वेता देसाई ने कहा कि विवादित बिसलेरी बैच का परीक्षण अक्टूबर 2025 में किया गया था और यह अब बाजार में उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि इस सैंपल के संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने अदालत में अभियोजन का मामला दर्ज कराया है।
देसाई ने कहा, "यह विशेष बैच अब बाजार में उपलब्ध नहीं है। हालांकि, मैंने अपने अधिकारियों को गोवा में निर्मित और बेचे जाने वाले विभिन्न पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सर्विलांस सैंपल लेकर जांच के निर्देश दिए हैं।"
FSSAI ने रविवार को कहा था कि उसने गोवा स्थित अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से 'असुरक्षित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर' की आपूर्ति के मामले में बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है।
वहीं, बिसलेरी ने कहा है कि वह उचित नियामक प्रक्रिया के तहत इस मामले का समाधान करने के लिए FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेगी।