ED ने गोवा में 5,000 करोड़ के अवैध खनन घोटाले में करोड़ों की संपत्ति फ्रीज की
गोवा से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सालगाओकर ग्रुप से जुड़े करीब 1,023 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति फ्रीज की है। यह कार्रवाई कथित अवैध लौह अयस्क खनन के मामले में की गई है। 19 जून को जारी इस आदेश में भारत और सिंगापुर में मौजूद संपत्तियां, साथ ही इक्विटी शेयर्स भी शामिल हैं। ये सभी संपत्ति मनी लॉन्ड्रिंग प्रिवेंशन एक्ट के तहत जब्त की गई है।
AVS ग्रुप पर 5237.84 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, AVS ग्रुप ने साल 2007 से 2012 के दौरान 10 माइनिंग लीज चलाए थे। इन 5 सालों में, उन्होंने गैरकानूनी तरीके से लौह अयस्क निकाला और उसका निर्यात कर लगभग 2492.95 करोड़ रुपये का मोटा मुनाफा कमाया। इस अयस्क को ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स (BVI) में बनी कुछ शेल कंपनियों को बेहद कम दाम पर बेचा गया। इन शेल कंपनियों ने आगे इस अयस्क को बेचकर विदेश में लगभग 2744.89 करोड़ रुपये जुटाए। इस तरह, उन 5 सालों में मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध सौदों का कुल हिसाब 5237.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।