LOADING...
उत्तर प्रदेश: छात्र की हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पिता समेत 3 गिरफ्तार, क्या-क्या हुआ?
गाजियाबाद में सूर्य चौहान की हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है

उत्तर प्रदेश: छात्र की हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पिता समेत 3 गिरफ्तार, क्या-क्या हुआ?

लेखन आबिद खान
May 31, 2026
04:45 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या को लेकर पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। आज सुबह पुलिस ने मुख्य आरोपी 19 वर्षीय असद को एनकाउंटर में मारा गिराया है। बताया जा रहा है कि वह शहर छोड़कर भागने की तैयारी में था, तभी तड़के पुलिस ने उसे घेर लिया। वसुंधरा इलाके में मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने असद के पिता समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एनकाउंटर

आज तड़के हुआ असद का एनकाउंटर

पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि असद अपने दोस्त से पैसे लेकर शहर से भागने की फिराक में है। इसके बाद घेराबंदी की गई। इस दौरान असद अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा। पुलिस ने रोका तो असद ने गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में असद को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। शव अभी तक पोस्टमार्टम हाउस में ही रखा हुआ है।

हत्या

बकरीद के दिन हुई थी सूर्या की हत्या

बकरीद के दिन असद ने सूर्या की अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। हत्या क्यों की गई इसके पीछे अलग-अलग वजहें बताई जा रही हैं। कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि असद ने नई बाइक ली थी, जिसे चलाने के लिए सूर्या ने मांगा था। न देने पर विवाद हुआ। ये भी दावा है कि सूर्या ने पहले एक लड़ाई में बीच-बचाव किया था। प्रेम प्रसंग को लेकर भी कुछ दावे सामने आए हैं।

Advertisement

गिरफ्तारी

3 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें खोड़ा के रहने वाले असद के पिता नवाब (45), फरहान (19) और आतिफ (19) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ खोड़ा थाने में मामला भी दर्ज किया गया है। फरहान ने पुलिस को बताया कि 28 मई को असद और सूर्या के बीच बाइक को लेकर विवाद हुआ था। इसी के आधे घंटे बाद असद ने सूर्या की हत्या कर दी।

Advertisement

तनाव

घटना के बाद इलाके में तनाव

मामला 2 समुदायों से जुड़ा होने के चलते इलाके में तनाव की स्थिति है। 29 मई को हिंदू संगठनों ने सूर्या जिस अस्पताल में भर्ती था, वहां खूब हंगामा किया। 30 मई को भी सूर्या के घर के आसपास दिनभर हंगामा होते रहे। पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने सूर्या का शाम में अंतिम संस्कार किया। आज भी सूर्या के घर के बाहर लोग जुटे रहे। कई नेता सूर्या के परिजनों से मिलने पहुंचे।

बयान

उपमुख्यमंत्री ने कहा था- हत्यारे बख्शे नहीं जाएंगे

मायावती ने लिखा, 'सूर्या चौहान की हत्या की घटना अति दुखद और चिंताजनक है। आए दिन हो रही ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन को सही कदम उठाने की जरूरत है।' उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'हत्यारा कोई भी हो वो बख्शा नहीं जाएगा। उसे खोज निकाला जाएगा। हत्या करने वालों को फांसी पर चढ़ाने के लिए जो कार्रवाई होती है, वो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार कानून व्यवस्था को लेकर बहुत गंभीर है।'

Advertisement