गाजियाबाद में झूठे आरोपों और पंचायत के अपमान से दुखी महिला ने की आत्महत्या
गाजियाबाद में 24 साल की एक महिला शिद्रा ने अपनी जान दे दी। एक स्थानीय पंचायत में उसे अपमानित किया गया था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। दरअसल, एक पंचायत इसलिए बुलाई गई थी क्योंकि मोहम्मद समीर नाम का एक लड़का कथित तौर पर गायब हो गया था। उसके परिवार ने शिद्रा पर आरोप लगाया था कि उसने समीर को अगवा कर लिया है। पंचायत में शिद्रा को बुरी तरह अपमानित किया गया और उसे काफी खरी-खोटी सुनाई गई। इस बेइज्जती से परेशान होकर शिद्रा ने घर आकर आत्महत्या कर ली।
शिद्रा के परिवार ने शव रखकर जाम की सड़क
शिद्रा के परिवार और स्थानीय लोगों ने अगले दिन विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने शिद्रा का शव सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया और मांग की कि शिद्रा को अपमानित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, जिससे मौके पर थोड़ी तनाव की स्थिति बन गई। जांच में बाद में पता चला कि समीर, शिद्रा की मौत से दो दिन पहले ही लौट आया था। उसे किसी और मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। शिद्रा के परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि समीर ने शिद्रा से शादी का झूठा वादा करके उसका फायदा उठाया था।