बेंगलुरु: प्रधानमंत्री जिस रास्ते से गुजरे, उसके नजदीक मिली जिलेटिन की छड़ें, एक हिरासत में
क्या है खबर?
बेंगलुरु से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले जिलेटिन की कम से कम 2 छड़ें बरामद की गई हैं। इनका इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में होता है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से 3 किलोमीटर दूर फुटपाथ पर ये छड़ें मिली हैं। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
घटना
कोरमंगला से हिरासत में लिया गया एक शख्स
रिपोर्ट के मुताबिक, ये छड़ें कग्गलीपुरा थाने के अंतर्गत आने वाले तातागुनी इलाके में अगारा झील के पास बरामद की गईं। यह जगह उस रास्ते के करीब है, जहां से प्रधानमंत्री का काफिला गुजरना था। पुलिस ने बेंगलुरु के कोरमंगला के पास एक घर से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध से फिलहाल अज्ञात जगह पर पूछताछ की जा रही है। अभी तक हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान सामने नहीं आई है।
सुरक्षा
घटना के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे बेंगलुरु में खासकर प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़े मुख्य रास्तों के आसपास निगरानी बढ़ा दी है। बरामद सामान की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और तकनीकी जांच तथा हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ के बाद और जानकारी मिलने की उम्मीद है।