बेंगलुरु हवाई अड्डे पर शुरू हुआ नया 'गेट Z' लाउंज, जानिए क्या-क्या मिलेगी सुविधाएं
बेंगलुरु हवाई अड्डे ने हाल ही में 'गेट Z' नाम से एक नया लाउंज शुरू किया है। इसे जेन-Z की पसंद को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जहां आराम, संस्कृति और सामुदायिक भावना को प्राथमिकता दी गई है। इस लाउंज का मुख्य लक्ष्य हवाई अड्डे पर इंतजार करने के अनुभव को और भी बेहतर और मजेदार बनाना है। यहां यात्रियों को आरामदायक जगहें, खाने-पीने के कई विकल्प, मनोरंजन के लिए खास इलाके और अपनी सुविधा के अनुसार बैठने की व्यवस्था मिलती है।
'गेट Z' में क्या-क्या है सुविधाएं?
'गेट Z' में कई खास जगहें हैं, जैसे 'बबल एंड ब्रू' जो एक आरामदायक कैफे बार है, 'द सिपिंग लाउंज' जहां आप सुकून से बैठ सकते हैं, 'सबवे डाइनर' जिसमें आप लाइव काउंटर पर अपना खाना बनवा सकते हैं, और 'द एम्फिजन' जहां फिल्मों की स्क्रीनिंग या दूसरे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इस लाउंज का डिजाइन भी बेहद खास है, जिसमें गर्म रंगों, सुखदायक रोशनी और टिकाऊ सामग्रियों का खूबसूरती से इस्तेमाल किया गया है। यहां आपको वैश्विक और स्थानीय दोनों तरह के अंदाज का बेहतरीन संगम देखने को मिलेगा। इसके अलावा, यहां AI आधारित नेविगेशन सिस्टम भी है जो आपको सही रास्ता बताता है, साथ ही इंटरैक्टिव जोन भी हैं जो माहौल को जीवंत बनाए रखते हैं।