फ्लाइट में महिला का अजीब बर्ताव: बोली- 2 पुरुषों के बीच नहीं बैठूंगी
कॉमेडियन अभिजीत गांगुली ने हाल ही में एक फ्लाइट का किस्सा बताया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। एक महिला के पास बीच वाली सीट थी, लेकिन वो 2 पुरुषों के बीच नहीं बैठना चाहती थी। उसने गांगुली, जो गलियारे वाली सीट पर थे, और खिड़की वाली सीट पर बैठे दूसरे यात्री से अपनी जगह बदलने को कहा। जब दोनों ने मना कर दिया, तो उसने फ्लाइट अटेंडेंट्स को बुला लिया और अपनी जगह बदलने की जिद करने लगी।
सीट बदलने और तेज वीडियो से बहस छिड़ी
थोड़ी बहस के बाद, खिड़की वाली सीट पर बैठे यात्री ने आखिरकार उस महिला से अपनी जगह बदल ली। गांगुली ने उसके इस बर्ताव को 'एनटाइटल्ड' यानी 'हक जताने वाला' बताया। खासकर तब, जब उसने पूरी फ्लाइट के दौरान तेज आवाज में वीडियो चलाए। इस पोस्ट पर काफी बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने कहा कि उसे नई सीट मांगने का पूरा हक था, जबकि दूसरों ने इसे दूसरे यात्रियों को परेशान करने वाला बताया। एक यूजर ने तो यह भी बताया कि चेक-इन के वक्त बीच वाली सीटें मुफ्त मिलती हैं और उस महिला ने खुद वही मुफ्त सीट चुनी थी, ऐसे में अब वह दूसरे यात्रियों को बेवजह परेशान कर रही है।