FSSAI पैकेटबंद फूड पर लगाएगा लाल 'खतरा' लेबल, सुप्रीम कोर्ट ने भी दी मंजूरी
स्नैक खाने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) पैकेटबंद फूड्स पर लाल रंग के हेक्सागोनल चेतावनी लेबल लगाने की तैयारी में है। इसे 2 चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में उन उत्पादों पर ये लेबल लगेंगे, जिनमें 2 या उससे ज्यादा तय किए गए पोषक तत्व बहुत ज्यादा मात्रा में होंगे। इसके साथ ही तय किए गए मीठे पेय पदार्थों पर भी ये चेतावनी लेबल दिखेंगे। दूसरे चरण में उन उत्पादों पर भी चेतावनी लगेगी जिनमें कोई एक पोषक तत्व भी जरुरत से ज्यादा होगा। ये चेतावनी लेबल पैकेट के ठीक सामने दिखेंगे, ताकि लोग आसानी से पहचान सकें कि कौन सा खाना सेहत के लिए ठीक नहीं है। भारत में बच्चों के बढ़ते मोटापे जैसी स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। अगस्त महीने में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस प्रस्ताव पर अपनी बात रखी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने चिली और कनाडा के लेबल का दिया हवाला
नए लेबल पर 'बहुत ज्यादा फैट', 'बहुत ज्यादा चीनी' या 'बहुत ज्यादा नमक' जैसी बातें लिखी होंगी। पहले ये लेबल उन उत्पादों पर लगेंगे जिनमें 2 या उससे ज्यादा पोषक तत्व तय मात्रा से ज्यादा होंगे। बाद में ऐसे उत्पाद पर भी चेतावनी दिखेगी जिनमें कोई एक पोषक तत्व भी जरुरत से ज्यादा होगा। सुप्रीम कोर्ट ने बताया कि चिली और कनाडा जैसे देशों में भी पैकेट के सामने लगे पोषण संबंधी संकेत लोगों को बेहतर खाने का चुनाव करने में मदद करते हैं। ऐसे में भारत में भी जल्द ही इस तरह के साफ-साफ फूड अलर्ट देखने को मिल सकते हैं।