FSSAI की चेतावनी- फल-सब्जियों के स्टिकर नहीं हैं 'खाने लायक', जानें क्यों
भारत की खाद्य सुरक्षा संस्था FSSAI ने फलों और सब्जियों पर लगने वाले छोटे-छोटे स्टिकरों को लेकर लोगों को सतर्क किया है। दरअसल, स्टिकर हटाने और अच्छे से धोने के बाद भी उन पर कुछ गोंद चिपका रह सकता है।
इसी खतरे से बचने के लिए FSSAI ने सलाह दी है कि फल या सब्जी खाने से पहले या तो उसका छिलका उतार लें या फिर उस हिस्से को काट कर अलग कर दें जहं स्टिकर लगा हो।
विशेषज्ञ बोले- स्टिकर खाने लायक नहीं होते
बेंगलुरु के एस्टर सी एम आई अस्पताल में इंटर्नल मेडिसिन की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. बृंदा एमएस बताती हैं कि इन स्टिकरों में जो गोंद और स्याही इस्तेमाल होती है, उसे खाने के लिए नहीं बनाया जाता। अगर गलती से थोड़ा सा निगल लिया जाए तो अक्सर कोई बड़ी परेशानी नहीं होती, लेकिन कई बार इससे पेट में जलन हो सकती है या गले में अटकने का खतरा भी हो सकता है, खासकर बच्चों के साथ ऐसी समस्या ज्यादा होती है।
अगर किसी गोंद को 'फूड-ग्रेड' भी बताया जाए, तो इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि वह पूरा स्टिकर ही खाने लायक हो गया। इसलिए, अगली बार जब आप कोई फल खाएं, तो अच्छी तरह जांच लें कि कहीं स्टिकर का कोई टुकड़ा उस पर चिपका न रह गया हो।