बच्चों की सेहत से खिलवाड़, FSSAI ने ब्रिटिश लाइफ साइंसेज कंपनी के खिलाफ की कार्रवाई
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बेंगलुरु की कंपनी ब्रिटिश लाइफ साइंसेज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई उनकी फैक्टरी में बच्चों के खाने के कई ऐसे प्रोडक्ट मिलने के बाद की गई है, जिन पर गलत जानकारी लिखी थी या वे तय मानकों के हिसाब से नहीं थे।
FSSAI ने बताया कि इस तरह की गलत ब्रांडिंग से बच्चों की सेहत खतरे में पड़ सकती है। इसीलिए छोटे बच्चों और नवजात शिशुओं को बचाने के लिए सख्त कदम उठाना बहुत जरूरी है।
एक्सपायरी डेट वाला खाना खाने से हो सकती हैं गंभीर बीमारियां
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि एक्सपायरी डेट का या खराब खाना खाने से कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इनमें पेट का इन्फेक्शन, शरीर में पानी की कमी और यहां तक कि खतरनाक बैक्टीरियल इन्फेक्शन जैसी बीमारियां भी शामिल हैं।
फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के चेयरमैन, डाक्टर अशोक सेठ बताते हैं कि छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को खराब खाने से ज्यादा खतरा रहता है। अगर आपने या आपके किसी जानने वाले ने ऐसा खाना खाया है जिसके खराब होने का शक है और उसके बाद तबीयत खराब लगती है, खासकर तेज बुखार हो या लक्षण लंबे समय तक रहें, तो तुरंत डाक्टर को दिखाना चाहिए।