FSSAI की खाद्य व्यवसाइयों को चेतावनी, जंग लगे चाकू का इस्तेमाल करने पर होगी कार्रवाई
अगर आप खाने-पीने के कारोबार से जुड़े हैं, तो यह खबर आपके लिए है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सभी खाद्य व्यवसायों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल खाने के लिए सुरक्षित और जंग न लगने वाले चाकू और काटने के उपकरण ही इस्तेमाल करें। दरअसल, हाल ही में पता चला है कि कई खाद्य प्रतिष्ठान खराब या जंग लगे औजारों का उपयोग कर रहे थे। इससे खाने-पीने की चीजों में गंदगी मिल सकती है और वे दूषित हो सकती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा है। इस तरह के खराब औजारों का इस्तेमाल 2011 में बने स्वच्छता नियमों का सीधा उल्लंघन है।
राज्य खाद्य सुरक्षा टीमों ने तेज की जांच
FSSAI ने साफ किया है कि सभी उपकरणों की नियमित तौर पर सफाई और कीटाणुशोधन होना बेहद जरूरी है। साथ ही पुराने या घिसे-पिटे उपकरणों को फौरन बदल देना चाहिए। अगर कोई भी व्यवसाय इन दिशानिर्देशों की अनदेखी करता पाया जाता है, तो उसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।