FSSAI का बड़ा कदम: 6 माह तक के शिशुओं के आहार से चीनी पर लगेगी रोक
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने 6 महीने तक के बच्चों के खाने में सुक्रोज और फ्रुक्टोज मिलाने पर रोक लगाने का प्रस्ताव दिया है। 16 अक्टूबर को इस प्रस्ताव की जानकारी दी गई। इसका मकसद शिशु पोषण को और बेहतर बनाना है, साथ ही बच्चों को कम उम्र में ही चीनी के संपर्क में आने से रोकना है। FSSAI ने अगले 60 दिनों के अंदर इस प्रस्ताव पर लोगों से सुझाव भी मांगे हैं।
FSSAI ने केवल स्तनपान कराने के दिशा-निर्देशों का समर्थन किया
अभी तक शिशु आहार में थोड़ी चीनी मिलाने की छूट थी, लेकिन नए नियमों से यह स्थिति बदल जाएगी। इन नियमों का मुख्य जोर बच्चों को शुरुआती विकास के महत्वपूर्ण समय में केवल वही पोषण देना है जिसकी उन्हें वाकई जरूरत है। दरअसल, कम उम्र में चीनी का ज्यादा सेवन दांतों की समस्याओं, मोटापे और बाद में टाइप 2 डायबिटीज जैसी बीमारियों का कारण बन सकता है। यह प्रस्ताव जन्म के बाद पहले 6 महीनों तक केवल स्तनपान कराने की सलाह का भी समर्थन करता है। साथ ही यह कंपनियों को बिना चीनी वाले बेहतर विकल्प बनाने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा।