त्योहारों से पहले बड़ी कार्रवाई, दिल्ली-NCR में 14,000 किलो से ज्यादा मिलावटी खोया-पनीर नष्ट
त्योहारों का समय है और इस मौके पर FSSAI ने खाने-पीने की चीजों में मिलावट को रोकने के लिए कमर कस ली है। एजेंसी ने दिल्ली में 4,100 किलो से भी ज्यादा मिलावटी खोया और पनीर नष्ट कर दिया है।
दरअसल, नवरात्रि और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान बाजार में मिलावटी खाने की चीजें न बिकें, इसके लिए FSSAI ने अपनी जांच-पड़ताल तेज कर दी है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी साफ आदेश दिए गए हैं कि वे अपनी जांच और निरीक्षण बढ़ाएं, ताकि लोग बिना किसी चिंता के त्योहार मना सकें और उन्हें अपनी मिठाइयों या खाने की दूसरी चीजों को लेकर कोई फिक्र न हो।
मेवात में 10,000 किलो से ज्यादा पनीर जब्त किया
FSSAI की यह कार्रवाई सिर्फ खोये तक सीमित नहीं है। एजेंसी दूध से बने उत्पादों, स्नैक्स, खाने के तेल, पेय पदार्थों और घी पर भी पैनी नजर बनाए हुए है। इसी कड़ी में, पड़ोसी जिले मेवात में अधिकारियों ने लगभग 50 छापे मारे और 10,000 किलो से भी ज्यादा खराब पनीर जब्त किया।
FSSAI ने रियल-टाइम निरीक्षण लॉग मांगे
इस साल कोई भी गड़बड़ी नजरअंदाज न हो जाए, इसके लिए FSSAI ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने सभी निरीक्षणों का डेटा एक रियल-टाइम सिस्टम में दर्ज करें।