CBSE में आया डिजिटल युग: 2026 से कॉपियों की ऑनलाइन जांच, न गलती न देरी
2026 से CBSE क्लास 12 की कॉपियों का मूल्यांकन ऑनलाइन तरीके से किया जाएगा। कागजी कॉपियों की जगह अब शिक्षक स्कैन की गई आंसर शीट्स को कहीं से भी, यहां तक कि अपने घर से भी ऑनलाइन जांच पाएंगे। इस बदलाव का मकसद नतीजों को तेजी से जारी करना और मूल्यांकन में होने वाली गलतियों को कम करना है।
CBSE की डिजिटल मूल्यांकन से देरी और गलतियों में आएगी कमी
डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था लागू होने से आंसर शीट रास्ते में अटकेंगी नहीं। कई शिक्षक एक साथ एक ही कॉपी का मूल्यांकन कर सकेंगे। ऑटोमैटिक टूल्स की मदद से उन सवालों का पता चल जाता है जो छूट गए हों या गणित से जुड़ी कोई गलती हो गई हो।
इसके अलावा, सारी जानकारी ऑनलाइन सुरक्षित रखी जाती है। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है और अगर कोई विवाद होता है तो उसे आसानी से ट्रैक भी किया जा सकता है। कुल मिलाकर, यह बदलाव नतीजे का इंतजार कर रहे छात्रों और मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों, दोनों के लिए फायदेमंद रहेगा।