पश्चिम बंगाल में 14 साल की लड़कियों को मुफ्त लगेगा HPV टीका
पश्चिम बंगाल ने लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एक बड़ा HVP टीकाकरण अभियान शुरू किया है।
इस अभियान के तहत, राज्यभर में करीब 7.65 लाख 14 साल की लड़कियों को यह टीका मुफ्त में लगाया जाएगा। यह टीकाकरण पूरी तरह से स्वैच्छिक होगा और इसके लिए माता-पिता या अभिभावक की सहमति लेनी जरूरी होगी।
यू-विन प्लेटफॉर्म से दी जाएगी खुराक
ऐसी लड़कियां जिनकी उम्र 14 साल पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी वे 15 साल की नहीं हुई हैं, उन्हें गार्डासिल-4 टीके की एक खुराक दी जाएगी। यह टीका राज्य के 880 से ज्यादा सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलेगा।
इसके लिए यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहले से रजिस्ट्रेशन करवाना होगा और अपॉइंटमेंट निर्धारित करना होगा। जहां इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वहां हार्ड-कॉपी फॉर्म भरकर भी सहमति दी जा सकेगी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और देश के बड़े विशेषज्ञों ने इस टीके का समर्थन किया है, क्योंकि यह सर्वाइकल कैंसर की वजह बनने वाले प्रमुख वायरस से बचाव करता है। बता दें कि भारत में हर साल 1.2 लाख से ज्यादा महिलाएं इस बीमारी की चपेट में आती हैं।