फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएमल मैंक्रो 17 से 19 तक भारत दौरे पर, जानिए कितनी खास है यात्रा
क्या है खबर?
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो इस महीने 3 दिन के लिए भारत दौरे पर आ रहे हैं। वे 17 से 19 फरवरी तक नई दिल्ली और मुंबई में आधिकारिक प्रवास पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बयान जारी कर बताया कि फ्रांसीसी राष्ट्रपति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। इससे पहले राष्ट्रपति मैंक्रो जनवरी 2024 में भारत के 25वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे।
यात्रा
कितनी खास है यह यात्रा?
मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान, दोनों नेता होराइजन 2047 रोडमैप में निर्धारित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा, दोनों नेता हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। वे मुंबई में भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष का संयुक्त रूप से उद्घाटन भी करेंगे, जिसे 2026 में दोनों देशों में मनाया जाएगा। 19 फरवरी को, राष्ट्रपति मैंक्रो दिल्ली में AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
दौरा
फरवरी 2025 में फ्रांस गए थे प्रधानमंत्री मोदी
राष्ट्रपति मैंक्रो की भारत यात्रा से पहले पिछले साल फरवरी में प्रधानमंत्री 3 दिवसीय दौरे पर फ्रांस गए थे। यहां उन्होंने फ्रांस के दूसरे सबसे बड़े शहर मार्से में भारत के वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया था। द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत और रूस-यूक्रेन युद्ध, रक्षा सौदा, AI और परमाणु ऊर्जा समेत कई मुद्दों पर चर्चा की थी। बता दें, जुलाई 2023 में प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस 'बैस्टिल डे' के समारोह में मुख्य अतिथि थे।