फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो देर रात मुंबई पहुंचे, आज प्रधानमंत्री मोदी से होगी मुलाकात
क्या है खबर?
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो अपनी पत्नी ब्रिगिट मैंक्रो के साथ भारत की 3 दिवसीय यात्रा पर पहुंच गए। वे सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि डेढ़ बजे महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में उतरे। मुंबई हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित थे। फ्रांसीसी राष्ट्रपति की मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। वे दिल्ली में चल रहे AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।
दौरा
कर्नाटक में हेलीकॉप्टर निर्माण इकाई का शुभारंभ करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैंक्रो मंगलवार को मुंबई से भारत की पहली हेलीकॉप्टर फाइनल असेंबली लाइन का वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए उद्घाटन करेंगे। यह इकाई कर्नाटक में बेंगलुरु के पास वेमागल में स्थित है, जिसे टाटा समूह और एयरबस के संयुक्त उद्यम से बनाया गया है। यहां एयरबस H125 का निर्माण होगा, जो कंपनी का सबसे अधिक बिकने वाला सिंगल-इंजन हेलीकॉप्टर है। इसके बाद दोनों नेता दक्षिण मुंबई के लोक भवन में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
सौदा
राफेल सौदा से रक्षा संबंधों को देंगे विस्तार
फ्रांस24 के मुताबिक, राष्ट्रपति मैंक्रो अपनी 3 दिवसीय यात्रा में भारत के साथ फ्रांस की रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की कोशिश करेंगे। इस दौरान दोनों देश कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) में सहयोग और 114 अतिरिक्त डसॉल्ट राफेल लड़ाकू विमानों के लिए संभावित सौदे पर चर्चा कर सकते हैं। रक्षा मंत्रालय से जुड़ी समिति सौदे से संबंधित बजट को लेकर अपनी मंजूरी दे चुकी है। राष्ट्रपति मैंक्रो 19 फरवरी तक भारत में रहेंगे।
यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर चौथी भारत यात्रा
फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैंक्रो प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर चौथी बार भारत यात्रा कर रहे हैं। इससे पहले मैंक्रो जनवरी 2024 में भारत के 25वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे। दोनों नेता मुंबई में भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और अन्य नवोन्मेषकों की सभा को संबोधित करेंगे। मैंक्रो के कार्यालय ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सहयोग मजबूत करना और फ्रांस की आर्थिक-व्यापारिक साझेदारियों में विविधता लाना है।
ट्विटर पोस्ट
देर रात भारत पहुंचे राष्ट्रपति मैंक्रो
Towards a stronger India-France strategic partnership!
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) February 16, 2026
Warm welcome to the President @EmmanuelMacron of the French Republic. He was warmly received by Governor of Maharashtra and Gujarat Shri Acharya Devvrat @ADevvrat at the Mumbai airport.
During the visit, PM @narendramodi… pic.twitter.com/s7ICeMYeA5