धौलपुर में हृदय विदारक हादसा: एक-दूसरे को बचाते हुए तालाब में डूबे 4 परिजन
देश
राजस्थान के धौलपुर जिले में रविवार सुबह एक बेहद दुखद घटना हुई। इसमें एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई। 21 वर्षीय रवि सिंह अपनी 2 बहनों मनोरमा (22)] बोटो (25) और चचेरे भाई कल्ले (18) के साथ हीरमन बाबा मंदिर में रात बिताने के लिए गए थे। सुबह पूजा-अर्चना से पहले वे पास के एक तालाब में नहाने गए। नहाते समय रवि गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसकी बहनें और चचेरा भाई भी पानी में कूद पड़े, लेकिन अफसोस! इस कोशिश में सभी चारों डूब गए और उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव बरामद किए, मौतों की पुष्टि हुई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। तालाब से चारों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें सरमथुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि की। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिवार वालों को सौंप दिया गया।