पूर्व सांसद नरेश गुजराल के साथ व्हाट्सऐप पर 7.8 करोड़ रुपये की ठगी, 4 करोड़ रुपये जब्त
पूर्व राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के बेटे नरेश गुजराल इस हफ्ते एक साइबर घोटाले में 7.8 करोड़ रुपये गंवा बैठे। हैकर्स ने उनका व्हाट्सऐप हैक कर लिया और खुद को नरेश गुजराल बताकर उनकी कंपनी के एक कर्मचारी को मैसेज भेजे। इन हैकर्स ने कर्मचारी को 4 RTGS ट्रांजैक्शन के जरिए पैसे ट्रांसफर करने के लिए राजी कर लिया। पैसे ट्रांसफर होने के बाद कर्मचारी ने गुजराल की बेटी को इस बारे में बताया। बेटी ने अपने पिता को यह बात बताई, जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दिल्ली पुलिस ने करीब 4 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए
दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने जांच के दौरान करीब 4 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए। यह चोरी हुए पैसों का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा है। हैकर्स ने यह पैसा कई अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया था। नरेश गुजराल की दक्षिण दिल्ली में एक टेक्सटाइल और अपैरल फर्म है, ऐसे में इस धोखाधड़ी का असर उनके कारोबार पर भी पड़ा है।