LOADING...
पाकिस्तान के सेना प्रमुख मुनीर को भारत का जवाब, कहा- पाकिस्तान को अवैध कब्जा छोड़ना होगा
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को भारत ने जवाब दिया

पाकिस्तान के सेना प्रमुख मुनीर को भारत का जवाब, कहा- पाकिस्तान को अवैध कब्जा छोड़ना होगा

लेखन गजेंद्र
Apr 17, 2025
05:31 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने प्रवासी पाकिस्तानियों के सम्मेलन में कश्मीर और दो-राष्ट्र सिद्धांत की बात की थी, जिस पर भारत का जवाब आया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "कोई विदेशी चीज कैसे गले में अटक सकती है? यह (कश्मीर) भारत का एक केंद्र शासित प्रदेश है। पाकिस्तान के साथ इसका एकमात्र संबंध उस देश द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए क्षेत्रों को खाली करना है।"

पलटवार

पाकिस्तान सेना प्रमुख ने क्या कहा था?

जनरल मुनीर ने पाकिस्तानियों को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर पर अपने देश के दीर्घकालिक दावे को दोहराया था और दो-राष्ट्र सिद्धांत का बचाव किया था, जिसके कारण 1947 में पाकिस्तान का जन्म हुआ था। जनरल ने कहा, "कश्मीर हमारी गले की नस है और यह रहेगी। हम इसे नहीं भूलेंगे। हम अपने कश्मीरी भाइयों को उनके वीरतापूर्ण संघर्ष में नहीं छोड़ेंगे।" इसके बाद उन्होंने मोहम्मद अली जिन्ना के दो-राष्ट्र सिद्धांत का जिक्र किया और हिंदू-मुस्लिम में बड़ा अंतर बताया।

सिद्धांत

दो-राष्ट्र सिद्धांत पर क्या बोले जनरल मुनीर

जनरल मुनीर ने आगे कहा, "हमारे पूर्वजों का मानना ​​था कि हम जीवन के हर पहलू में हिंदुओं से अलग हैं। हमारा धर्म अलग है। हमारे रीति-रिवाज अलग हैं। हमारी परंपराएं अलग हैं। हमारे विचार अलग हैं। हमारी महत्वाकांक्षाएं अलग हैं। आपको यह बात अपने बच्चों को जरूर बतानी चाहिए ताकि वे पाकिस्तान की कहानी कभी न भूलें।" बता दें, जिन्ना ने इसी सिद्धांत के आधार पर हिंदू और मुसलमान को अलग-अलग राष्ट्र बताया था और अलग मातृभूमि मांगी थी।