विदेश मंत्री एस जयशंकर का दावा, कहा- 10 साल में भारत होगा वैश्विक मंच का नया चेहरा
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई दिल्ली में म्यूनिख लीडर्स बैठक में दुनिया भर के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगले 10 सालों में भारत वैश्विक शक्ति के तौर पर तेजी से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि देश की युवा आबादी और नए अवसर इसकी तेज आर्थिक तरक्की की मुख्य वजह बनेंगे। जयशंकर ने यह भी साफ किया कि भारत विकास के पुराने रास्तों पर चलने के बजाय अपना रास्ता खुद तय कर सकता है। इस बैठक में दुनिया के जाने-माने विशेषज्ञ सुरक्षा और बदलते वैश्विक शक्ति समीकरणों जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक साथ जमा हुए थे।
भारत अपना रास्ता खुद बना रहा- जयशंकर
जयशंकर ने इस दौरान यह भी समझाया कि भारत जैसे देशों को अक्सर 'मध्यम शक्ति' माना जाता है, और ये देश अपने विकास के लिए नए तरीके खोज रहे हैं। कई बार ये उम्मीद से भी ज्यादा तेजी से तरक्की कर रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भले ही अमेरिका और चीन का दुनिया पर अभी भी काफी दबदबा है, लेकिन उभरते देशों के बीच भारत अपने अनूठे दृष्टिकोण और तेज रफ्तार के साथ सबसे अलग खड़ा है।