LOADING...
मणिपुर में तैनात होगी CRPF की कोबरा बटालियन, हिंसा के बीच सरकार का बड़ा फैसला
मणिपुर में कोबरा बटालियन की तैनाती की जाएगी

मणिपुर में तैनात होगी CRPF की कोबरा बटालियन, हिंसा के बीच सरकार का बड़ा फैसला

लेखन आबिद खान
May 31, 2026
02:33 pm

क्या है खबर?

मणिपुर में जारी हिंसा के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन को तैनात करने का फैसला लिया है। मणिपुर में कोबरा यूनिट की 2 बटालियन तैनात की जाएगी। मणिपुर में मई 2023 से हिंसा भड़कने के बाद ये पहली बार है, जब कोबरा बटालियन तैनात की जा रही है। ये बटालियन जंगल युद्ध और नक्सल विरोधी अभियानों के लिए खासतौर पर प्रशिक्षित है।

रिपोर्ट

असम और पश्चिम बंगाल से भेजी जाएगी एक-एक बटालियन- रिपोर्ट

न्यूज18 के मुताबिक, CRPF के औपचारिक प्रस्ताव के बाद गृह मंत्रालय ने तैनाती को मंजूरी दे दी है। असम और पश्चिम बंगाल से एक-एक बटालियन भेजी जाएगी। एक अधिकारी ने कहा, "CRPF के प्रस्ताव की मंत्रालय में जांच हुई और मणिपुर में कोबरा की 2 बटालियनों की तैनाती की मंजूरी दे दी गई।" अधिकारियों का कहना है कि राज्य के दूरस्थ और वन क्षेत्रों में चल रही सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए कोबरा की तैनाती को जरूरी माना गया है।

बटालियन

कोबरा बटालियन के बारे में जानिए

कोबरा बटालियन का गठन 2008 में किया गया था। ये देश की प्रमुख आतंकवाद-विरोधी सैन्य टुकड़ी है, जिसे गुरिल्ला युद्धनीति, जंगल युद्ध, खुफिया जानकारी पर आधारित अभियानों और दुर्गम इलाकों में सटीक हमलों में महारत हासिल है। अब तक मुख्य रूप से इस बटालियन को माओवाद प्रभावित राज्यों में तैनात किया जाता था। छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र और बिहार में ये बटालियन कई युद्ध अभियानों में हिस्सा ले चुकी है।

Advertisement