LOADING...
उत्तराखंड के बाद हिमाचल प्रदेश में बादल फटा; किन्नर कैलाश यात्रा रुकी, चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद
किन्नर कैलाश मार्ग पर बचाव अभियान चलाते ITBP के जवान

उत्तराखंड के बाद हिमाचल प्रदेश में बादल फटा; किन्नर कैलाश यात्रा रुकी, चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद

लेखन आबिद खान
Aug 06, 2025
11:59 am

क्या है खबर?

देश में मानसूनी बारिश ने पहाड़ों पर तबाही मचा दी है। कल उत्तराखंड में बादल फटने के बाद आज हिमाचल प्रदेश के किन्नौर स्थित तंगलिंग में भी बादल फटने की घटना सामने आई है। फिलहाल यहां बाढ़ जैसे हालात हैं। अचानक आई बाढ़ से किन्नर कैलाश यात्रा वाला रास्ता जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण यात्रा रोक दी गई है। सैकड़ों यात्री यहां फंसे हुए हैं। वहीं, चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग भी भूस्खलन के बाद बंद हो गया है।

ITBP

ITBP ने 413 तीर्थयात्रियों को बचाया

इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) यहां बचाव अभियान चला रही है। अब तक 413 लोगों को निकाला गया है। दरअसल, तांगलिंग क्षेत्र में किन्नर कैलाश यात्रा मार्ग पर बादल फटने के कारण ट्रैक का बड़ा हिस्सा बह जाने से सैकड़ों यात्री फंस गए थे। इसके बाद ITBP की 17वीं वाहिनी की टीम ने 413 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बचाव अभियान में ITBP टीम के साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) भी जुटी हुई है।

सड़कें

राज्य में 600 से ज्यादा सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के बाद 600 से ज्यादा छोड़ी-बड़ी सड़कें बंद हैं। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग, कालका-शिमला और पठानकोट-कांगड़ा राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात बंद है। कुल्लू, शिमला, मंडी, सोलन, चंबा समेत करीब पूरे राज्य में जगह-जगह सड़कें और पेयजल परियोजनाएं प्रभावित हुए हैं। कोल बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। शिमला, मंडी, सोलन और कुल्लू में सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

अलर्ट

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

IMD ने आज राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर, सोलन, शिमला, सिरमौर और मंडी जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, लाहौल स्पीति, कुल्लू और किन्नौर में भी मध्यम से तेज बारिश का अनुमान है। 11 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बीते दिन शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, नाहन, कांगड़ा और मंडी में दिनभर हल्की बारिश होती रही।

नुकसान

अब तक 192 लोगों की मौत, 1,852 करोड़ रुपये का नुकसान

हिमाचल प्रदेश में मानसून की शुरुआत से अब तक अलग-अलग हादसों में 192 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें लापता लोग भी शामिल है। भारी बारिश से कई सड़कों, घरों और पेयजल परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है, जिससे राज्य में 1,852 करोड़ की निजी व सरकारी संपत्ति की क्षति हुई है। लोक निर्माण विभाग को 971 करोड़ रुपये और जलशक्ति विभाग को 633 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।