राजस्थान: 2 सड़क हादसों में 5 की मौत, 195 की गति से दौड़ रही थी गाड़ी
राजस्थान में दो अलग-अलग हाईवे पर हुए हादसों में कुल 5 लोगों की जान चली गई। पहला हादसा आज सुबह जयपुर-फलोदी मेगा हाईवे पर हुआ। मिठड़ी के पास एक डंपर और कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। कार में झुंझुनू से बताए जा रहे 4 लोग सवार थे। इस हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, दूसरे हादसे में जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे पर राजाराम जाट की SUV एक डंपर से टकरा गई। इस टक्कर में राजाराम जाट ने दम तोड़ दिया।
हादसे के वक्त कर रहे थे लाइवस्ट्रीमिंग
राजाराम जाट देवली से अपने घर लौट रहे थे। खबरों के मुताबिक, वह फेसबुक पर अपनी यात्रा का लाइवस्ट्रीम कर रहे थे। टोंक जिले के पोल्याड़ा गांव के पास उनकी SUV अनियंत्रित हो गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि उस वक्त गाड़ी की रफ्तार 195 किलोमीटर प्रति घंटा से भी ज्यादा थी। हादसे के बाद राजाराम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।