कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 68,020 संक्रमित, सक्रिय मामलों की संख्या पांच लाख पार
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 68,020 नए मामले सामने आए और 219 मरीजों की मौत हुई है। यह अक्टूबर के बाद एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,20,39,644 हो गई है। इनमें से 1,61,843 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या पांच लाख के आंकड़े को पार करके 5,21,808 हो गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 32,231 मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 32,231 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,13,55,993 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 94.32 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 9,13,319 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 24.19 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 27,13,875 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 54,281 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 11,17,993 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,579 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 9,87,012 मामलों और 12,504 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,98,815 मामलों और 7,205 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 40,414 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 108 मरीजों की मौत हुई। राज्य में पहली बार 40,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं।
इसी तरह केरल में 2,216 लोगों को संक्रमित पाया गया और 12 मरीजों की मौत हुई।
आंध्र प्रदेश में 1,005 नए मामले सामने आए और दो लोगों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 3,082 मामले सामने आए और 14 मरीजों की मौत हुई।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 6,05,30,435 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 2,60,653 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण चल रहा है।
वैश्विक हालात
दुनियाभर में 12.71 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 12.71 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 27.83 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.03 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.49 लाख लोगों की मौत हुई है।
वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.25 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 3.12 लाख मरीजों की मौत हुई है।
संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है।