उत्तर प्रदेश: मऊ में गम में बदली खुशी, शादी से लौट रहे 5 लोगों की हादसे में मौत
मऊ के गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जो एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। विनय श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ एक शादी से घर लौट रहे थे, तभी उनकी SUV कुसुम्हा बशारतपुर के पास एक ट्रेलर से टकरा गई। आशंका जताई जा रही है कि गाड़ी के ड्राइवर पुरुषोत्तम को नींद की झपकी आ गई थी, जिसकी वजह से उसने गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया और यह भीषण हादसा हो गया।
बचाव दल ने निकाले 5 शव
हादसे में विनय (60), उनकी पत्नी अर्चना (58), उनके बेटे कृतार्थ (27), और गाड़ी के दोनों ड्राइवर पुरुषोत्तम (47) और नीतीश (46) SUV के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे। बचाव दल को उन्हें बाहर निकालने में करीब 2 घंटे का समय लगा। पुलिस ने सभी मृतकों के परिवारों को घटना की जानकारी दे दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सड़क पर यातायात फिर से शुरू कर दिया गया है।