Page Loader
बिहार: मधेपुरा में भाजपा की बैठक के दौरान चली गोलियां, एक कार्यकर्ता घायल
बिहार में भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है

बिहार: मधेपुरा में भाजपा की बैठक के दौरान चली गोलियां, एक कार्यकर्ता घायल

लेखन आबिद खान
Jun 25, 2023
05:17 pm

क्या है खबर?

बिहार के मधेपुरा में भाजपा की बैठक के दौरान गोली चलने का मामले सामने आया है। इस घटना में एक कार्यकर्ता को गोली लगी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने गोली चलाने वाले भाजपा नेता को हिरासत में ले लिया है। बता दें कि नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर महाजनसंपर्क अभियान कार्यक्रम के तहत भाजपा ने प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किया था, उसी में ये घटना हुई।

मामला

क्या है मामला?

मधेपुरा के मुरलीगंज स्थित भगत धर्मशाला में भाजपा ने प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया था। इसमें नेता संजय भगत और पंकज पटेल के गुट में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पंकज ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसकी एक गोली संजय की कमर में लग गई। संजय को मुरलीगंज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मधेपुरा सदर अस्पताल में रेफर किया गया है।

विवाद

रुपए के लेनदेन में हुआ विवाद

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार पुलिस का कहना है कि विवाद पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ है। SDOP अजय नारायण यादव के मुताबिक, संजय के पंकज पर कुछ रुपए उधार थे। इसे लेकर ही दोनों पक्ष भिड़ गए। इस दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई और कुर्सियां तोड़ दी गई। बीच-बचाव करने आए भाजपा जिलाध्यक्ष को पीटा गया। मौके पर पहुंची पुलिस की भाजपा कार्यकर्ताओं से झड़प भी हुई।

आरोपी

पुलिस हिरासत में आरोपी

पुलिस ने पंकज को लाइसेंसी बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक यादव की भी पिटाई कर दी। बवाल में कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद कर पंकज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इलाके में पुलिसबल तैनात किया गया है।

बयान

पंकज ने कहा- आत्मरक्षा के लिए चलाई गोली

आरोपी नेता पंकज ने कहा कि उन्हें जान से मारने का प्रयास किया जा रहा था। आत्मरक्षा के लिए उन्होंने हवाई फायरिंग की। बता दें कि पंकज मधेपुरा जिले के लोकसभा प्रभारी हैं। इस कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को भी शामिल होना था, लेकिन घटना की जानकारी मिलने के बाद वे नहीं आए। बताया जा रहा है कि भगत तारकिशोर के रिश्तेदार हैं। कार्यक्रम में बवाल के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।