NICU में आग: 9 नवजात मौत के मुंह से लौटे, महाराष्ट्र में हड़कंप
छत्रपति संभाजीनगर के एशियन अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में शुक्रवार को आग लग गई। स्टाफ ने तुरंत 9 नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। अच्छी बात यह रही कि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया, किसी को कोई चोट नहीं आई। आग एयर कंडीशनिंग यूनिट से निकले धुएं के कारण लगी थी। बच्चों के परिवारों को पूरी जानकारी दी गई और उनकी सहमति से नवजात शिशुओं को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
सरकार ने दिए उच्च-स्तरीय जांच के आदेश
अस्पताल के संचालक शोएब हाशमी ने बताया कि स्टाफ ने फुर्ती से काम किया। सुरक्षा के तौर पर पास के वार्ड से भी मरीजों को हटा दिया गया था, जिन्हें हालात काबू में आने के बाद वापस अपनी जगह पर भेज दिया गया। पुलिस ने पुष्टि की कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। महाराष्ट्र में किसी दूसरे अस्पताल के NICU में आग लगने की यह दूसरी घटना है, जो पिछले दस दिनों के भीतर हुई है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।