जम्मू अग्निकांड: 15 दुकानें राख, दमकल पर 90 मिनट देरी से आने के आरोप
रविवार की रात जम्मू के बिक्रम चौक स्थित वेयरहाउस नेहरू मार्केट में भीषण आग लग गई। इस भयंकर अग्निकांड में करीब 15 दुकानें जलकर राख हो गईं। इन दुकानों में मुख्य रूप से अनाज और खाने के तेल का कारोबार होता था।
राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर, आग से प्रभावित हुए दुकानदारों की हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया है।
90 मिनट की देरी का आरोप
कुछ दुकानदारों ने दमकल विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। वेयरहाउस एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने दावा किया है कि दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में 90 मिनट का लंबा समय लगा, जबकि दमकल केंद्र वहां से ज्यादा दूर नहीं था।
वहीं, दमकल विभाग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विभाग का कहना है कि उन्हें खबर मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई और 2 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। साथ ही, अन्य स्टेशनों से भी अतिरिक्त मदद बुलाई गई थी।