महाराष्ट्र: धाराशिव में दिवाली की रात आग का कहर, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में देर रात एक किराना दुकान और उससे सटे घर में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 लोग, जिनमें 2 मासूम बच्चे भी शामिल थे, अपनी जान गंवा बैठे।
बताया जा रहा है कि यह घटना तब हुई जब वे सभी गहरी नींद में सो रहे थे। आग रात करीब ढाई बजे लगी और देखते ही देखते तेजी से फैल गई।
आग इतनी भयावह थी कि घर में मौजूद सभी लोग अंदर ही फंस गए। हालांकि, एक शख्स को इमारत से बचा लिया गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्लास्टिक सामान और तेल के डिब्बों से तेजी से भड़की आग
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान उत्तम करांडे, उनकी पत्नी चंद्रकला, बेटे गोविंद, बहू ज्योति और 2 पोतियों गायत्री व सिद्धि के तौर पर हुई है। पुलिस का कहना है कि दुकान में रखे प्लास्टिक के सामान और तेल के डिब्बों के कारण आग बहुत तेजी से फैली। इस भीषण अग्निकांड में 4 लोगों की मौत दम घुटने से हुई, जबकि 2 लोग नीचे भागने की कोशिश में गंभीर रूप से झुलस गए थे, उनकी भी जान चली गई।
घटना के बाद स्थानीय दमकल विभाग की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि दमकलकर्मियों के पास जरूरी उपकरण न होने और पर्याप्त ट्रेनिंग न मिलने की शिकायतों की जांच की जाएगी।