ममता बनर्जी के खिलाफ FIR, रैली में हाई कोर्ट आदेश के उल्लंघन का आरोप
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन पर कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप है। यह मामला 28 अगस्त को तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के स्थापना दिवस समारोह के कार्यक्रम से जुड़ा है। समाचार एजेंसी PTI को एक अधिकारी ने बताया कि ममता और TMCP की बैठक के आयोजकों के खिलाफ हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है।
आरोप
क्यों दर्ज हुई FIR?
अधिकारी ने कहा, "कोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन के लिए FIR दर्ज की गई है। जांच के दौरान उल्लंघन में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी।"
बताया जा रहा है कि निर्धारित समय से ज्यादा देर तक कार्यक्रम जारी रखने को लेकर FIR दर्ज हुई है। हाई कोर्ट ने कार्यक्रम के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का समय दिया था, लेकिन आयोजकों ने इसके बाद भी कार्यक्रम जारी रखा।
अन्य आरोप
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
ये भी आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान TMC समर्थकों ने बैरिकेड को जबरन हटाया, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और यातायात बाधित किया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) आपराधिक साजिश, धारा 223 (आदेश की अवज्ञा), धारा 125(अ) (दूसरों के जीवन को खतरे में डालना), धारा 132 (लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला) और धारा 285 (सार्वजनिक मार्ग में बाधा डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।