गोवा में यूट्यूबर गौतम खट्टर की बढ़ी मुश्किल, संत के अपमान पर FIR दर्ज और सियासी घमासान
गोवा पुलिस ने यूट्यूबर गौतम खट्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन पर गोवा के संरक्षक संत सेंट फ्रांसिस जेवियर का अपमान करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह घटना वास्को में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान शनिवार को हुई थी। कॉर्टालिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पीटर डीसूजा ने यह शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि गौतम खट्टर ने अपनी टिप्पणी से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई और समाज में शांति भंग करने की कोशिश की।
आयोजकों ने मांगी माफी, कांग्रेस और AAP ने की निंदा
कार्यक्रम के आयोजकों, सनातन धर्म रक्षा समिति ने गौतम खट्टर की टिप्पणियों के लिए माफी मांगी है। उन्होंने अपने एक बयान में कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और हम वक्ता द्वारा दिए गए बयानों की निंदा करते हैं।" इस घटना के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस, AAP और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के नेताओं ने गौतम खट्टर की टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस और AAP ने पुलिस से इस मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। इस पूरे मामले में गोवा पुलिस जांच कर रही है। वहीं, AAP ने सभी लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी को एक-दूसरे की मान्यताओं का सम्मान करना चाहिए।