दिल्ली के रामलीला मैदान में आज किसानों की महापंचायत, सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पारित होगा
न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर किसान आज दिल्ली के रामलीला मैदान में इकट्ठा होंगे। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की अध्यक्षता में किसानों की महापंचायत सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी। महापंचायत को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने किसानों को महापंचायत के लिए कड़ी शर्तों के साथ अनुमति दी है। मौके पर दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बल तैनात हैं और ड्रोन से नजर रखी जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने क्या शर्तें रखीं?
दिल्ली पुलिस ने किसानों की महापंचायत में केवल 5,000 किसानों को आने की अनुमति दी है। इससे अधिक लोग शामिल नहीं हो सकते। इसके अलावा किसानों को दिल्ली में ट्रैक्टर लाने को भी मना किया गया है और किसी प्रकार का कोई मार्च निकालने पर पाबंदी रहेगी। दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि किसानों को दोपहर 2:30 बजे तक रामलीला मैदान खाली करना होगा। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
केंद्र सरकार के खिलाफ पारित होगा प्रस्ताव
संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि किसान-मजदूर महापंचायत में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रस्ताव लगा जाएगा और लड़ाई तेजी की जाएगी। पदाधिकारियों ने महापंचायत में किसानों के अलावा मजदूर, ट्रेड यूनियन, छात्र और महिला संगठनों से भी शामिल होने की अपील की है। महापंचायत में राकेश टिकैत समेत कई बड़े किसान नेता शामिल हो सकते हैं। महापंचायत में भीड़ की संभावना को देखते हुए दिल्ली और नोएडा में जाम से बचने की सलाह दी गई है।