फर्जी डॉक्टर कैंसर मरीजों को बेच रहा था नकली दवाएं, दिल्ली में गिरफ्तार
फरीदाबाद के एक 39 वर्षीय डॉक्टर को दिल्ली-NCR में नकली और बिना मंजूरी वाली कैंसर की दवाओं की तस्करी करने और उन्हें बेचने के आरोप में दिल्ली में गिरफ्तार किया गया है। इस रैकेट का खुलासा 21 अप्रैल को तब हुआ, जब पुलिस को जानकारी मिली कि दिल्ली के क्लीनिकों में नकली और जीवनरक्षक दवाएं सप्लाई की जा रही हैं।
पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि यह डॉक्टर तुर्की से नकली दवाएं मंगवाकर उनकी तस्करी कर रहा था। ये दवाएं जापान और अमेरिका में बनने वाली महंगी कैंसर रोधी दवाओं की हूबहू नकल होती थीं।
पुलिस के हाथ लगी 17 लाख रुपये की नकली दवा
पुलिस ने उसे सुखदेव विहार इलाके से बड़ी मात्रा में नकली दवाओं के साथ पकड़ा। इन दवाओं में 17 लाख रुपये की एक नकली ल्यूकेमिया की दवा भी शामिल थी। यह डॉक्टर अपनी फार्मास्यूटिकल कंपनी के जरिए इन नकली दवाओं को बेचता था। साथ ही, वह एक B2B पोर्टल पर भी इन दवाओं के ऑर्डर लेता था।
जांच में पता चला कि डॉक्टर ने रूस की एक यूनिवर्सिटी से MBBS की डिग्री तो हासिल कर ली थी, लेकिन भारत में प्रैक्टिस करने के लिए अनिवार्य परीक्षा वह पास नहीं कर पाया था। इसी वजह से उसके 2 क्लीनिक आर्थिक तंगी का शिकार हो गए और उसे वे बंद करने पड़े।
पुलिस अब इस पूरे सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है। इसमें उन सभी लोगों पर भी पुलिस की कड़ी नज़र है, जिन्हें ये नकली दवाएं बेची गई थीं।