राजकोट के बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर 55 लाख लूटे, फर्जी क्राइम ब्रांच ने भेजे नकली RBI दस्तावेज
गुजरात के राजकोट में रहने वाले एक 75 वर्षीय बुजुर्ग दंपत्ति 55.5 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गए। कुछ जालसाजों ने व्हाट्सएप पर उन्हें फोन कर खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का एक बड़ा अधिकारी बताया।
उन्होंने बुजुर्ग दंपत्ति पर साइबर आतंकवाद में शामिल होने का आरोप लगाया। अपनी बातों को सच साबित करने के लिए ठगों ने उन्हें RBI के नकली दस्तावेज भी भेजे।
भयानी दंपत्ति की बेटी की पहल पर पुलिस को भनक, मामला दर्ज
फर्जी अधिकारी ने दंपत्ति को 'डिजिटल अरेस्ट' में होने की धमकी दी। उन्हें यह भी कहा गया कि वे किसी से संपर्क न करें, वरना उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अकेले और सहमे हुए भयानी दंपत्ति ने ठगों के बताए अनुसार अपनी सारी जमा पूंजी उनके अकाउंट में ट्रांसफर कर दी। लेकिन मुंबई में रहने वाली उनकी बेटी को कुछ गड़बड़ लगी और उसने तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, बुजुर्गों को भरोसा दिलाया और जांच शुरू की। इस मामले में अब FIR दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।