19 साल के युवा ने हैक किया CBSE का डेटा, क्या-क्या मिला?
19 साल के एथिकल हैकर निसर्ग अधिकारी ने CBSE के क्लाउड स्टोरेज में एक बड़ी गड़बड़ी का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि इस गड़बड़ी के कारण कोई भी बिना पासवर्ड के स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्र ऑनलाइन देख सकता था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ स्क्रीनशॉट साझा किए, जिनमें साफ दिख रहा था कि ये संवेदनशील फाइलें बिना किसी सुरक्षा के खुली हुई पड़ी थीं। निसर्ग ने यह चेतावनी भी दी कि जो संस्थान इसी तरह के क्लाउड सेटअप का इस्तेमाल कर रहे हैं, उनके लिए भी यह एक गंभीर सुरक्षा खामी बन सकती है।
CBSE ने कहा- लिंक में सिर्फ सैंपल डेटा था
CBSE ने इस मामले पर तुरंत सफाई दी। बोर्ड ने कहा कि जिस लिंक की बात की जा रही है, वह केवल एक टेस्ट प्लेटफॉर्म का था और उसमें छात्रों का असली डेटा नहीं, बल्कि सिर्फ सैंपल डेटा मौजूद था।
बोर्ड ने साफ तौर पर यह भी बताया कि उनका मुख्य मूल्यांकन पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें किसी भी तरह की सेंधमारी नहीं हुई है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब निसर्ग अधिकारी ने CBSE की सुरक्षा में खामियों की तरफ ध्यान दिलाया हो, लेकिन बोर्ड का कहना है कि उनके सभी आधिकारिक सिस्टम सुरक्षित और गोपनीय हैं।