जम्मू-कश्मीर: राजौरी में सेना ने 3 आतंकियों को घेरा, गोलीबारी के बाद अभियान शुरू
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर है। बताया जा रहा है कि जिले के मुगलान इलाके में 3 आतंकवादी देखे गए हैं। इसके बाद सेना ने अभियान शुरू किया। शुरुआत में आतंकियों की ओर से गोलीबारी भी की गई, जिसके बाद जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। सुरक्षाबलों ने इस कार्रवाई को 'ऑपरेशन शेरवाली' नाम दिया है। फिलहाल आतंकियों की तलाश की जा रही है।
घटना
सेना ने बताया- सुबह 11:30 बजे आतंकियों से हुआ संपर्क
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने X पर बताया कि आज सुबह करीब 11.30 बजे, पुलिस और CRPF के साथ मिलकर किए गए एक खुफिया-आधारित संयुक्त अभियान के दौरान, राजौरी के मुगलान इलाके में आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हुआ था। आगे बताया गया कि सैनिकों ने तुरंत और सधी हुई कार्रवाई के साथ जवाब दिया और दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। इलाके की घेराबंदी कर ली गई है और 'ऑपरेशन शेरवाली' अभी भी जारी है।
खुफिया सूचना
सेना को मिली थी खुफिया जानकारी
रिपोर्ट के मुताबिक, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि डोरीमाल के जंगलों में 2 से 3 आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी की, जिसका जवाब दिया गया। इलाके में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। फिलहाल सुरक्षाबल सख्त एहतियात बरतते हुए आगे बढ़ रहे हैं, क्योंकि आतंकवादी घने जंगलों का फायदा उठा सकते हैं।