तमिलनाडु के पुस्तकालयों में AI से लिखी किताबें? मंत्री बोले- ये देश का पहला AI घोटाला
तमिलनाडु में इन दिनों पुस्तकालय की कुछ किताबों को लेकर खूब चर्चा हो रही है। इन किताबों पर आरोप है कि इन्हें AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है और इनके लेखक भी नकली हैं।
स्कूल शिक्षा मंत्री ए राजमोहन ने कहा है कि पिछली DMK सरकार ने ऐसी ही संदिग्ध किताबों पर जनता का पैसा लुटाया। यह बात तब सामने आई जब लेखक पेरुमल मुरुगन ने कोयंबटूर के पेरियार अरिवुलगम में कुछ किताबों में गलतियां पकड़ी थीं।
DMK ने आरोपों से इनकार किया, खरीद के रिकॉर्ड मांगे
शिक्षा मंत्री राजमोहन ने इस पूरे मामले को "भारत का पहला AI घोटाला" बताया है। उन्होंने सीधे तौर पर DMK पर आरोप लगाया कि पेरियार लाइब्रेरी के मामले में AI का गलत इस्तेमाल करके बड़ा भ्रष्टाचार किया गया।
राजमोहन ने न सिर्फ किताबों की सामग्री पर बल्कि उनके लेखकों के नामों पर भी उंगली उठाई है। उधर, DMK ने किसी भी गड़बड़ी से साफ इनकार किया है। उसने मांग की है कि पारदर्शिता के लिए किताबों की खरीद से जुड़े सभी रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएं।
इन सबके बीच, अगल विलाक्कु पब्लिशिंग हाउस पर भी नए सवाल उठने लगे हैं, जिसने इनमें से कई किताबें बांटी थीं।