ED का पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा पर शिकंजा, वित्तीय धांधली और जमीन घोटाले की जांच जारी
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास और कार्यालयों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की गई है। इन छापों में केवल मंत्री के ठिकाने ही नहीं, बल्कि उनके बेटे से जुड़ी कंपनी 'हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड' (Hampton Sky Realty Ltd.) और काव्या अरोड़ा से संबंधित जगहें भी शामिल हैं। इसके अलावा, 'फाइंडोक फिनवेस्ट' (Findoc Finvest) के हेमंत सूद और कथित सट्टेबाज चंद्रशेखर अग्रवाल के ठिकानों पर भी तलाशी ली गई। सूत्रों के मुताबिक, जिस वक्त यह छापेमारी हुई, संजीव अरोड़ा सरकारी काम से विदेश यात्रा पर थे।
ED कर रही है अरोड़ा से जुड़ी जमीन के गलत इस्तेमाल की जांच
ED की जांच में यह भी सामने आया है कि अरोड़ा से जुड़ी कुछ कंपनियों ने कथित तौर पर औद्योगिक ज़मीन का इस्तेमाल रिहायशी प्रोजेक्ट बनाने के लिए किया। इस कथित हेराफेरी से राज्य सरकार को राजस्व का बड़ा नुकसान हुआ है। छापेमारी के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था। गौरतलब है कि हाल के दिनों में कुछ शिक्षण संस्थान भी इसी तरह की अनियमितताओं के चलते जांच के दायरे में आए हैं।