LOADING...
बंगाल के कोयला तस्करी मामले में I-PAC के दफ्तरों में छापा, दिल्ली-हैदराबाद और बेंगलुरु पहुंची ED
बंगाल के कोयला तस्करी मामले में ED ने 3 शहरों में I-PAC के दफ्तरों में छापा मारा

बंगाल के कोयला तस्करी मामले में I-PAC के दफ्तरों में छापा, दिल्ली-हैदराबाद और बेंगलुरु पहुंची ED

लेखन गजेंद्र
Apr 02, 2026
01:54 pm

क्या है खबर?

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कोयला तस्करी से जुड़े मामले में राजनीतिक परामर्श फर्म इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (I-PAC) के खिलाफ बड़ा तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी ने फर्म से संबंधित हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली के दफ्तरों पर नए सिरे से छापामारी की है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान I-PAC के निदेशकों में से एक ऋषि राज सिंह का बेंगलुरु स्थित परिसर भी जांच के दायरे में है। सभी जगह एकसाथ तलाशी चल रही है।

छापा

जनवरी में तलाशी के दौरान हुआ था बखेड़ा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये तलाशी अभियान ED द्वारा कोयला तस्करी मामले में जारी कार्रवाई का हिस्सा हैं। इसके तहत एजेंसी हाल के वर्षों में कई छापेमारी और गिरफ्तारियां कर चुकी है। इसी साल जनवरी में, ED ने I-PAC के कोलकाता स्थित सॉल्ट लेक कार्यालय और उसके दूसरे निदेशक प्रतीक जैन के परिसर में तलाशी ली थी। छापामारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहुंच गईं और दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया था, जिससे बखेड़ा खड़ा हुआ था।

चुनाव

बंगाल चुनावों में TMC के लिए काम कर रही है I-PAC

राजनीतिक परामर्श कंपनी I-PAC पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए काम कर रही है। एजेंसी पार्टी की चुनावी रणनीतियों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जनवरी में छापेमारी के दौरान खड़े हुए विवाद को देखते हुए ED ने कोलकाता हाई कोर्ट फिर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। एजेंसी का दावा है कि अपराध से प्राप्त लगभग 10 करोड़ रुपये हवाला मार्गों से I-PAC को भेजी गई थी।

Advertisement