5000 रुपये में बिक रहे थे विधानसभा एंट्री पास! CM सलाहकार बन घुसे जालसाज
देश
महाराष्ट्र विधानसभा में एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। बजट सत्र के दौरान एक व्यक्ति 'मुख्यमंत्री के सलाहकार' लिखा हुआ एक फर्जी पास दिखाकर अंदर घुस गया। जानकारी मिली है कि ऐसे करीब 30 फर्जी पास बनाए गए थे। इनके साथ नकली लेटरहेड भी लगे थे ताकि जांच के दौरान कोई इन्हें पकड़ न पाए।
उदय सामंत: फर्जी पास 2,000 से 5,000 रुपये में बिक रहे थे
उद्योग मंत्री उदय सामंत ने खुलासा किया है कि ये फर्जी पास 2,000 से 5,000 रुपये में बेचे जा रहे थे। यह बात सामने आने के बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें विधान भवन के कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं। उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गई हैं। जांच अभी भी जारी है और इस मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।