मध्य प्रदेश में दुर्गा विसर्जन के जश्न पर काल बनकर टूटा बिजली का तार, 2 युवाओं की मौत
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम उस समय दुखद घटना में बदल गया जब एक लाइव तार दुर्गा प्रतिमा ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर गया।
इस दौरान 50 से ज्यादा लोग प्रतिमा के साथ जुलूस में शामिल थे। इस हादसे में विकास राजपूत (22) और प्रिंस चौहान (23) नाम के 2 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा आधी रात के ठीक बाद हुआ, जब त्योहार का यह जुलूस चल रहा था।
स्थानीय लोगों ने कहा- चेतावनियों को किया गया नजरअंदाज
यह घटना तब हुई जब लोगों का एक समूह नीचे लटक रहे एक हाई-वोल्टेज तार को ऊपर उठाने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक तार टूटकर ट्रैक्टर पर जा गिरा। कई अन्य लोग भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभी घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि उन्होंने अधिकारियों को इन खतरनाक तारों के बारे में पहले ही चेतावनी दी थी, लेकिन उनकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।