मौगंज में जानलेवा स्टंट का खौफनाक अंजाम: 3 भाइयों की मौत, सोशल मीडिया पर वाहवाही बनी काल
मध्य प्रदेश के मौगंज में एक तेज़ रफ्तार मोटरसाइकिल स्टंट के दौरान तीन भाई उपलक्ष, अमरीश और हेमराज कोल की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे 135 पर हुआ। पुलिस की शुरुआती जाँच में सामने आया है कि तीनों भाई बिना हेलमेट पहने ये स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल हाईवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रशांत और प्रदीप द्विवेदी घायल
इस स्टंट को एक दूसरी बाइक से रिकॉर्ड कर रहे उनके दोस्त प्रशांत और प्रदीप द्विवेदी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना से पहले दोनों बाइक पर सवार लोग ट्रैफिक के बीच तेज़ी से निकल रहे थे और एक-दूसरे को ओवरटेक की कोशिश में खतरनाक स्टंट भी कर रहे थे। इस पूरे मामले की पुलिस जाँच कर रही है। पुलिस ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने के लिए ऐसे जानलेवा स्टंट करने के खतरों के प्रति आगाह किया है।