
दुबई से यात्रियों को लेकर पुणे पहुंची स्पाइसजेट की उड़ान, सामान वहीं छोड़ा
क्या है खबर?
स्पाइसजेट के विमान से दुबई से पुणे पहुंचे यात्रियों ने गुरुवार को हवाई अड्डे पर तब हंगामा शुरू कर दिया, जब उन्हें पता चला कि उनका सामान दुबई में छोड़ दिया गया है। स्पाइसजेट की उड़ान SG 52/937 ने 140 यात्रियों को लेकर दुबई से 2:00 बजे उड़ान भरी थी और देरी से गुरुवार सुबह 6:40 बजे पुणे पहुंची थी। विमान से उतरने के बाद जब यात्री बैगेज बेल्ट पर पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि सामान दुबई में है।
समस्या
गुरुवार रात तक नहीं पहुंचा यात्रियों का सामान
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यात्रियों ने बताया कि वह सुबह से पुणे हवाई अड्डे पर हैं, लेकिन अभी तक उनका सामान नहीं दिया गया है। यात्रियों ने अपनी शिकायत सोशल मीडिया पर भी पोस्ट की और बताया कि एयरलाइंस का कोई कर्मचारी कारण बताने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि यात्रियों का सामान गुरुवार रात तक पुणे नहीं पहुंचा था। कुछ यात्रियों ने नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) से सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
कारण
दुबई में क्यों छोड़ा गया यात्रियों का सामान?
सकाल के मुताबिक, दुबई में स्पाइसजेट के विमान में अधिक ईंधन भरा गया था, जिससे विमान की भार क्षमता पूरी हो चुकी थी। कॉकपिट में मिले संदेश को देखते हुए स्पाइसजेट के कर्मचारियों को यात्रियों का सामान न रखने को कहा गया और दूसरी उड़ान से पुणे भेजने को कहा गया। इसके कारण यात्रियों का सामान वहीं छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि मध्य पूर्व में संघर्ष के कारण विमान सामान्य से अधिक ईंधन लेकर चल रहे हैं।