रानीपेट के देनकड़ापंथंगल में भगवान मुरुगन मंदिर में एक बड़े अभिषेक समारोह के दौरान भक्तों पर पवित्र जल छिड़कने के लिए लाया गया एक ड्रोन अचानक नीचे गिर गया। सुबह करीब 11 बजे यह ड्रोन भीड़ पर गिरा, जिससे 6 लोग जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि घायल भक्तों की हालत अब स्थिर है।
घायलों में बच्चे भी शामिल
हादसे में घायल हुए सभी भक्तों को, जिनमें कुछ बच्चे भी शामिल थे, तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के बाद सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह आयोजन काफी खास था क्योंकि मंदिर में 20 साल बाद ऐसा अभिषेक समारोह हो रहा था। इस मौके पर आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।