हजारों किलोमीटर दूर चीन में बैठे चिकित्सक ने किया हैदराबाद की महिला का ऑपरेशन
चीन के वुहान में बैठे एक चिकित्सक ने करीब 3,900 किलोमीटर दूर हैदराबाद की एक महिला का ऑपरेशन किया है। 57 वर्षीय महिला की मूत्रवाहिनी में समस्या थी, जिसकी वुहान से चिकित्सक सैयद मोहम्मद गौस ने रोबोटिक तकनीक की मदद से 90 मिनट की सर्जरी को अंजाम दिया। उन्होंने महिला की किडनी की बंद नली को फिर से जोड़कर नया जीवन दिया।
रिमोट रोबोटिक सर्जरी बेहतर होगी इलाज की पहुंच
चिकित्सक गौस ने यह ऑपरेशन तब किया, जब वे एक कॉन्फ्रेंस के सिलसिले में वुहान में मौजूद थे। इस सफल सर्जरी ने दिखा दिया है कि अब दूर से भी रोबोटिक सर्जरी संभव है, यहां तक कि अलग-अलग महाद्वीपों के बीच भी।
मरीज की सहायता और किसी भी इमरजेंसी स्थिति के लिए उसके पास एक स्थानीय डॉक्टर या सहायक मौजूद था। ऐसी आधुनिक तकनीक की मदद से अब बेहतर स्वास्थ्य सेवा सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि छोटे कस्बों और गांवों तक भी पहुंच पाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह हर जगह उच्च गुणवत्ता वाले इलाज को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।