केरलम में मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर दंत चिकित्सक को गंवानी पड़ी नौकरी
केरलम में कान्हंगड़ जिला अस्पताल में अस्थायी डेंटिस्ट के तौर पर काम कर रहे डॉ सिदार्थ रविंद्रन को गुरुवार को नौकरी से हटा दिया गया। दरअसल, उन्होंने खेल मंत्री ओजे जनीश के खिलाफ काले झंडे के एक प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। DYFI ने इस प्रदर्शन का आयोजन किया था। यह मामला तब गरमाया जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग को एक शिकायत सौंपी। शिकायत के साथ डॉ रविंद्रन के प्रदर्शन में शामिल होने की तस्वीरें भी दी गई थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। वहीं, होसदुर्ग पुलिस ने भी इस मामले में एक केस दर्ज किया है।
कॉन्ट्रैक्ट के तहत ड्यूटी पर रहते हुए राजनीतिक गतिविधि पर रोक थी
स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बारे में बताया कि डॉ. रविंद्रन के अनुबंध में साफ तौर पर यह शर्त थी कि ड्यूटी पर रहते हुए वे किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल नहीं हो सकते। यह नियम इसलिए बनाया गया है ताकि सरकारी सेवाएं निष्पक्ष रहें और उन पर लोगों का भरोसा बना रहे। डॉ रविंद्रन का इस प्रदर्शन में शामिल होना इसी नियम का उल्लंघन माना गया। इसी के चलते उन्हें नेशनल हेल्थ मिशन के पद से हटा दिया गया है। अब इस पूरे मामले को लेकर यह बहस छिड़ गई है कि सरकारी कर्मचारियों के लिए ऐसे गैर-राजनीतिक नियम आज के समय में कितने सख्त होने चाहिए।