चरित्र पर शक को लेकर पति ने सिला पत्नी का प्राइवेट पार्ट, बचाव में उतरी पत्नी
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश में बड़ा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वहां एक पति ने चरित्र पर शक होने को लेकर पत्नी को ऐसी सजा दे दी, जिसमें अमानवीयता की सारी हदें पार हो गई।
दरअसल, पति ने पत्नी को सजा देने के लिए सुई-धागे से उसका प्राइवेट पार्ट सिल दिया।
हालांकि, मामले का खुलासा होने पर अब पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, इस घटना के बाद भी पत्नी गिरफ्तारी का विरोध कर रही है।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
NDTV के अनुसार, सिंगरौली के माड़ा थाना क्षेत्र के रैला गांव निवासी 55 वर्षीय पति को अपनी 45 वर्षीय पत्नी के चरित्र पर शक था। उसे पत्नी के गांव के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने की बात खटक रही थी। इसके चलते वह पत्नी से मारपीट भी करता था।
शुक्रवार को इस बात को लेकर फिर से हुए विवाद के बाद उसने पत्नी से मारपीट की और बाद में सुई-धागे से उसके प्राइवेट पार्ट को सिल दिया।
शिकायत
पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत, लेकिन गिरफ्तार नहीं करने की लगाई गुहार
सिंगरौली के सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर ने कहा, "आरोपी की पत्नी द्वारा मामले की सूचना देने के बाद आरोपी के खिलाफ क्रूरता का मामला दर्ज किया गया है।"
हालांकि, अपने पति की क्रूरता के बावजूद पीड़िता ने पुलिस से उसके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं करने की अपील की थी। उसने पुलिस से अनुरोध किया कि उसके पति को इस बात के लिए पाबंद किया जाए कि वह भविष्य में उससे मारपीट और क्रूरता नहीं करे।
उपचार
स्थानीय अस्पताल में चल रहा है महिला का उपचार
सोनकर ने बताया कि महिला की शिकायत के बाद पुलिस महिला को अस्पताल लेकर और उसके टांकों को काटा गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है और चिकित्सक उसके स्वास्थ्य पर नजरें बनाए हुए हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी पति शक में इतना अंधा हो गया था कि वह पत्नी से जानवरों जैसा बर्ताव करने लगा था। वह आए दिन महिला के साथ गंभीर रूप से मारपीट करता था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी
"आरोपी को जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा"
सोनकर ने कहा, "महिला किसी तरह घर से भागने में सफल रही और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद दबिश देकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया और फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है। जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।"
अन्य
इस साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में भी सामने आई थी ऐसी घटना
इस बीच, मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि महिला के प्राइवेट पार्ट को सुई-धागे से सिला गया था। आरोपी पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना समेत कई आरोप लगाए गए हैं। दंपति के चार बच्चे और पोते-पोतियां भी हैं।
इस साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने इसी तरह के आरोपों को लेकर अपनी पत्नी के गुप्तांगों को एल्यूमीनियम के तार से सिल दिया था। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।