बुखार उतरने के बाद भी जानलेवा हो सकता है डेंगू, मुंबई के डॉक्टरों की बड़ी चेतावनी
मुंबई के डॉक्टरों ने शहर में डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव, जी मिचलाना, उल्टी और शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षणों को गंभीरता से लें। इन्हें सिर्फ एक सामान्य वायरल इंफेक्शन मानकर नजरअंदाज न करें। ये लक्षण मच्छर के काटने के 4 से 10 दिन बाद दिख सकते हैं और शुरुआत में अक्सर ये किसी आम फ्लू जैसे ही लगते हैं।
चिकित्सकों ने की समय पर डेंगू टेस्ट करवाने की अपील
चिकित्सकों का कहना है कि समय पर डेंगू की जांच करवाना बेहद जरूरी है, क्योंकि करीब 5 प्रतिशत डेंगू के मामले बुखार उतरने के बाद भी गंभीर रूप ले सकते हैं। बाद में लगातार उल्टी, पेट में तेज दर्द, असामान्य ब्लीडिंग या सांस लेने में तकलीफ जैसे गंभीर लक्षण सामने आ सकते हैं। डॉ अजय शाह के मुताबिक, "प्लेटलेट काउंट की बेवजह चिंता करने के बजाय, शरीर में तरल पदार्थों की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना, खतरे के संकेतों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टरी सलाह लेना जरूरी है।" सामान्य सलाह के तौर पर मरीज को पर्याप्त आराम करना चाहिए और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए। दर्द और बुखार के लिए पैरासिटामोल दी जा सकती है, लेकिन एस्पिरिन से पूरी तरह बचना चाहिए।