Page Loader
उत्तर प्रदेश: घर में घुसकर महिला डॉक्टर की बेहरमी से हत्या, बच्चों पर भी किया हमला

उत्तर प्रदेश: घर में घुसकर महिला डॉक्टर की बेहरमी से हत्या, बच्चों पर भी किया हमला

Nov 21, 2020
02:48 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में अपराधी इस कदर बेलगाम हो गए हैं कि अब दिनदहाड़े घर में घुसकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सामने आया है ताजनगरी आगरा से, जहां एक आरोपी ने 38 वर्षीय महिला डॉक्टर के घर में घुसने के बाद चाकू से गोदकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

प्रकरण

आरोपी ने शुक्रवार शाम को दिया वारदात को अंजाम

पुलिस ने बताया कि मृतका डेंटिस्ट डॉ निशा सिंघल पत्नी डॉ अजय सिंघल है। वह शुक्रवार शाम को अपने आठ और चार साल के बच्चों के साथ घर पर थी और उनके पति अस्पताल में ड्यूटी पर थे। शाम 4 बजे आरोपी और केबल ऑपरेटर शुभम पाठक केबल ठीक करने के बहाने से उनके घर में घुस गया और दोनों बच्चों को दूसरे कमरे में रुकने को कहा। इसके बाद आरोपी ने चाकू से गोदकर निशा की हत्या कर दी।

जानकारी

आरोपी ने मासूम बच्चों पर भी किया हमला

पुलिस ने बताया निशा की चीखने के आवाज सुनकर उसके दोनों बच्चें कमरें में पहुंच गए। उन्हें देखकर आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गए। हालांकि, वर्तमान में दोनों बच्चों की हालत में सुधार है और उपचार जारी है।

कार्रवाई

पुलिस ने शनिवार सुबह किया आरोपी को गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर डॉ निशा के परिजनों ने केबल ऑपरेटर शुभम पाठक पर शक जताया था। इसके बाद CCTV फुटेज में भी शुभम घर में घुसता और करीब एक घंटे बाद निकलता दिखाई देता है। इस आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शनिवार सुबह आरोपी बाइक से जाता नजर आया तो पुलिस ने उसे रुकवाने का प्रयास किया। उसके नहीं रुकने पर पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया।

लूट

आरोपी ने लूट के इरादे दिया घटना को अंजाम

पुलिस महानिरीक्षक रेंज A सतीश गणेश ने बताया कि आरोपी ने लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया है। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से एक बैग भी बरामद हुआ है। उसमें जेवरात और नकदी भरी मिली है। उन्होंने बताया कि गोली लगने से आरोपी घायल हो गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के ठीक होने के बाद उससे पूछताछ कर वारदात के अन्य कारणों का भी पता लगाया जाएगा।

प्रतिक्रिया

घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

दिनदहाड़े घटित इस घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुस्सा जाहिर करते हुए सरकार पर निशाना साघा है। उन्होंने ट्वीट किया, 'आगरा में हुई घटना से राज्य स्तब्ध है। भाजपा सरकार भ्रष्ट अधिकारियों का बचाव करने और विपक्षी नेताओं पर झूठे मामले बनाने में व्यस्त है। सरकार को टेलीविजन पर विज्ञापन देने पर ध्यान देने के बजाय उत्तर प्रदेश में अपराध को कम करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।'

पुनरावृत्ति

कुछ महीने पहले आगरा में हुई थी एक अन्य डॉक्टर की हत्या

बता दें कि अगस्त महीने में भी आगरा में एक 30 वर्षीय डॉक्टर योगिता गौतम की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने एक अन्य डॉक्टर विवेक तिवारी को वारदात के कुबुल करने पर गिरफ्तार किया गया था। तिवारी ने दावा किया था कि दोनों की बीच प्रेम संबंध थे और उसमे दरार आ गई थी। उसने रसोई के चाकू से योगिता की हत्या की थी और बाद में शव को बमरौली कटारा इलाके में फेंक दिया था।